Latest Jobs
एडमिरल दिनेश कुमार त्रिपाठी भारतीय नौसेना के नए चीफ बने, टी-20 वर्ल्डकप के लिए भारतीय टीम का ऐलान
छत्तीसगढ़ के आलोक शुक्ला को 'ग्रीन नोबल' अवॉर्ड मिला। पतंजलि आयुर्वेद के 14 प्रोडक्ट्स बनाने का लाइसेंस रद्द हुआ। वहीं, डॉ. कृष्णा एम एल्ला IVMA अध्यक्ष बने।
आइए आज के ऐसे ही प्रमुख करेंट अफेयर्स पर नजर डालते हैं, जो सरकारी नौकरियों की तैयारी कर रहे स्टूडेंट्स के लिए अहम हैं…
डिफेंस (DEFENCE)
1. एडमिरल दिनेश कुमार त्रिपाठी भारतीय नौसेना के नए चीफ बने: 30 अप्रैल को एडमिरल दिनेश कुमार त्रिपाठी ने भारतीय नौसेना के 26वें चीफ के तौर पर पदभार संभाला। उन्होंने एडमिरल आर हरि कुमार की जगह ली, जो आज ही रिटायर्ड हुए हैं।
एडमिरल आर हरि कुमार (दाएं) से नौसेना चीफ की कमान लेते हुए एडमिरल दिनेश कुमार त्रिपाठी (बाएं)।
- दिनेश कुमार त्रिपाठी इससे पहले पश्चिमी नौसेना कमान के फ्लैग ऑफिसर कमांडिंग-इन-चीफ रह चुके हैं।
- एडमिरल दिनेश 1 जुलाई 1985 को भारतीय नौसेना में कमीशंड हुए थे।
- 39 साल लंबे करियर में उन्होंने भारतीय नौसेना के कई अहम असाइनमेंट्स पर काम किया है।
- 4 जनवरी 2024 को उन्हें नौसेना स्टाफ का वाइस चीफ नियुक्त किया गया था।
- वो कम्युनिकेशन और इलेक्ट्रॉनिक वॉरफेयर स्पेशलिस्ट हैं।
- दिनेश त्रिपाठी नौसेना के फ्रंटलाइन युद्धपोतों पर सिग्नल कम्युनिकेशन ऑफिसर और इलेक्ट्रॉनिक वारफेयर ऑफिसर रहे हैं।
- उन्होंने गाइडेड मिसाइल डिस्ट्रॉयर INS मुंबई के एग्जीक्यूटिव ऑफिसर और प्रिंसिपल वारफेयर ऑफिसर के रूप में भी काम किया है।
- दिनेश त्रिपाठी ने INS किर्च, त्रिशूल और विनाश जैसे नौसैनिक जहाजों की कमान भी संभाली है।
- दिनेश को अति विशिष्ट सेवा पदक और नौसेना मेडल भी मिल चुका है।
स्पोर्ट (SPORTS)
2. टी-20 वर्ल्डकप के लिए भारतीय टीम का ऐलान: 30 अप्रैल को बोर्ड ऑफ कंट्रोल फोर क्रिकेट इन इंडिया (BCCI) ने टी-20 वर्ल्ड कप के लिए भारतीय टीम की घोषणा कर दी। BCCI ने टूर्नामेंट के लिए रोहित शर्मा की कप्तानी में 15 मेंबर्स वाला स्कॉड जारी किया है।
- टीम में रोहित शर्मा (कप्तान), हार्दिक पंड्या (उपकप्तान), यशस्वी जायसवाल, विराट कोहली, सूर्यकुमार यादव, ऋषभ पंत, संजू सैमसन, शिवम दुबे, रवींद्र जडेजा, अक्षर पटेल, कुलदीप यादव, युजवेंद्र चहल, अर्शदीप सिंह, जसप्रीत बुमराह, मोहम्मद सिराज शामिल हैं।
- IPL में बेहतरीन बल्लेबाजी कर रहे संजू सैमसन और ऋषभ पंत को विकेटकीपर के तौर पर चुना गया है।
- पेस बॉलिंग ऑलराउंडर की कैटेगरी में हार्दिक पंड्या के साथ-साथ शिवम दुबे भी चुने गए हैं।
- रिजर्व प्लेयर में शुभमन गिल, खलील अहमद, रिंकू सिंह, आवेश खान हैं।
- टीम इंडिया पहला मुकाबला 5 जून को आयरलैंड से खेलेगी और दूसरा मुकाबला 9 जून को पाकिस्तान से होगा।
- 12 जून को तीसरा मुकाबला अमेरिका और 15 जून को चौथा मुकाबला कनाडा से होगा।
- इस बार टी-20 वर्ल्ड कप 2 से 29 जून तक वेस्टइंडीज और अमेरिका में खेला जाएगा।
- टूर्नामेंट का ओपनिंग मैच कनाडा और होम टीम अमेरिका के बीच डलास में होगा।
- फाइनल मैच 29 जून को वेस्टइंडीज के बारबाडोस शहर में होगा।
- सुपर-8 और नॉकआउट मैच वेस्टइंडीज में होंगे।
अवॉर्ड (AWARD)
3. छत्तीसगढ़ के आलोक शुक्ला को 'ग्रीन नोबल' अवॉर्ड: 29 अप्रैल को अमेरिका के सैन फ्रांसिस्को में छत्तीसगढ़ के पर्यावरणविद् आलोक शुक्ला को गोल्ड मैन एनवायरन्मेंटल पुरस्कार 2024 दिया गया। इसे ग्रीन नोबल पुरस्कार कहा जाता है। इस साल यह अवॉर्ड भारत के आलोक शुक्ला सहित दुनियाभर से 7 लोगों को प्रदान किया गया है।
आलोक 'हसदेव अरण्य बचाओ संघर्ष समिति' के संयोजक हैं।
- छत्तीसगढ़ में करीब 4,45,000 एकड़ में फैले घने हसदेव जंगल को बचाने के लिए आलोक ने काम किया, इस इलाके में 23 कोयला खदानें हैं।
- जुलाई 2022 में सरकार ने हसदेव अरण्य में 21 प्रस्तावित कोयला खदानों को रद्द कर दिया।
- हसदेव अरण्य को छत्तीसगढ़ के फेफड़े के रूप में जाना जाता है, यह जंगल जैव विविधता से भरा हुआ है।
- गोल्डमैन पर्यावरण पुरस्कार की स्थापना 1989 में सैन फ्रांसिस्को के दिवंगत नागरिक नेताओं और परोपकारी रिचर्ड और रोडा गोल्डमैन की ओर से की गई थी।
- पुरस्कार विजेताओं का चयन अंतरराष्ट्रीय जूरी करती है, जिसके लिए विश्व स्तर पर नामांकन मांगे जाते हैं।
नेशनल (NATIONAL)
4. पतंजलि आयुर्वेद के 14 प्रोडक्ट्स बनाने का लाइसेंस रद्द: 29 अप्रैल को उत्तराखंड सरकार ने बाबा रामदेव की पतंजलि आयुर्वेद और दिव्य फार्मेसी के लगभग 14 प्रोडक्ट्स के मैन्युफैक्चरिंग लाइसेंस को सस्पेंड कर दिया। यह जानकारी उत्तराखंड सरकार की ओर से सुप्रीम कोर्ट में हलफनामा दायर कर दी गई।
- दिव्य फार्मेसी पतंजलि प्रोडक्ट्स की मैन्युफैक्चरिंग करती है।
- राज्य की लाइसेंस अथॉरिटी ने बाबा की इस फर्म की खांसी, ब्लड प्रेशर, शुगर, लिवर, गोइटर और आई ड्रॉप के लिए इस्तेमाल की जाने वाली 14 दवाओं के उत्पादन को रोकने का निर्देश दिया है।
- आदेश को सभी जिला ड्रग इंस्पेक्टर को भी भेजा गया है।
- जिला ड्रग इंस्पेक्टर ने 16 अप्रैल को रामदेव, बालकृष्ण, दिव्य फार्मेसी और पतंजलि आयुर्वेद के खिलाफ कोर्ट में आपराधिक शिकायत दर्ज कराई है।
- सुप्रीम कोर्ट ने हाल ही में अपने कुछ उत्पादों के भ्रामक विज्ञापनों को रोकने के निर्देशों का पालन नहीं करने के लिए रामदेव की बार-बार आलोचना की है।
- रामदेव ने मॉडर्न मेडिसिन को स्टुपिड और बैंकरप्ट साइंस यानी बेकार और दिवालिया विज्ञान भी कहा था।
नियुक्ति (APPOINTMENT)
5. डॉ. कृष्णा एम एल्ला IVMA अध्यक्ष बने: 29 अप्रैल को इंडियन वैक्सीन मैन्युफैक्चरर्स एसोसिएशन (IVMA) ने भारत बायोटेक के को-फाउंडर और एग्जीक्यूटिव चेयरमैन डॉ. कृष्णा एम एल्ला को नया अध्यक्ष नियुक्त किया। डॉ. एल्ला को अदार पूनावाला की जगह नियुक्त किया गया, जो 2019 से 2024 तक एसोसिएशन के अध्यक्ष थे।
कृष्णा एम एल्ला जा जन्म 1969 में तमिलनाडु के तिरुत्तनी में हुआ था।
- डॉ. एल्ला ने एग्रीकल्चर साइंसेज में ग्रेजुएशन और यूनिवर्सिटी ऑफ हवाई से मास्टर ऑफ सर्जरी (MS) की डिग्री ली।
- वह भारत बायोटेक इंटरनेशनल लिमिटेड के कार्यकारी अध्यक्ष हैं।
- डॉ. एल्ला ने भारत बायोटेक की स्थापना 1996 में की थी।
- भारत बायोटेक के पास अभी 140 दवाओं के ग्लोबल पेटेंट मौजूद हैं।
- भारत बायोटेक कंपनी ने ही स्वदेशी कोविड-19 टीका कोवैक्सीन विकसित किया था।