8 साल बाद साउथ अफ्रीका दौरे पर जाएगी ऑस्ट्रेलिया, टेस्ट टीम का किया ऐलान
![]()
नई दिल्ली: ऑस्ट्रेलिया ने साउथ अफ्रीका के खिलाफ आगामी टेस्ट सीरीज के लिए अपनी टीम का ऐलान कर दिया है. कंगारू टीम साल 2018 के बाद पहली बार साउथ अफ्रीका के दौरे पर जा रही है. ऑस्ट्रेलिया और साउथ अफ्रीका के बीच अक्टूबर में तीन टेस्ट मैचों की सीरीज खेली जाएगी. ऑस्ट्रेलिया ने अपने इस स्क्वाड में खराब फॉर्म से गुजर रहे मार्नस लाबुशेन को भी शामिल किया है.
पिछले महीने ऑस्ट्रेलिया और बांग्लादेश के बीच सीरीज 1-1 से ड्रॉ होने के बाद लाबुशेन के लिए टीम में जगह पाना मुश्किल लग रहा था, लेकिन चयनकर्ताओं ने किसी बड़े बदलाव से परहेज किया है. इसके अलावा टीम में कूपर कोनोली, मैथ्यू कुहनेमैन और माइकल नेसर को भी शामिल किया है.
सैंड पेपरगेट कांड के बाद साउथ फ्रीका में ऑस्ट्रेलिया की पहली सीरीज
ऑस्ट्रेलिया क्रिकेट टीम साउथ अफ्रीका के खिलाफ उसके घर में सैंडपेपर गेट कांड के पहली बार टेस्ट सीरीज खेलेगी. साल 2018 में जब ऑस्ट्रेलियाई टीम साउथ अफ्रीका दौरे पर गई थी तो बॉल-टैम्परिंग विवाद ने वर्ल्ड क्रिकेट में भूचाल ला दिया था. ऑस्ट्रेलिया के मौजूदा टीम में अभी पांच ऐसे खिलाड़ी शामिल हैं जो 2018 सैंडपेपर गेट कांड वाले विवादित टीम में भी थे. इसमें पैट कमिंस, जोश हेजलवुड, स्टीव स्मिथ और मिचेल स्टार्क और मैथ्यू रेनशॉ हैं. बॉल टेंपरिंग की उस घटना के बाद डेविड वार्नर और कैमरून बैनक्रॉफ्ट को बैन कर दिया गया था.
ऑस्ट्रेलियाई टेस्ट टीम: पैट कमिंस (कप्तान), स्कॉट बोलैंड, एलेक्स कैरी, कूपर कोनोली, कैमरून ग्रीन, जोश हेज़लवुड, ट्रैविस हेड, जोश इंग्लिस, मैथ्यू कुहनेमैन, मार्नस लाबुशेन, नाथन लियोन, माइकल नेसर, मैथ्यू रेनशॉ, स्टीव स्मिथ, मिशेल स्टार्क, ब्यू वेबस्टर.