‘घर में शेर है तो बाहर से क्यों लाएं’, सुरेश रैना की रिंकू सिंह को KKR का कप्तान बनाने की सलाह, भुवी को वर्ल्ड कप टीम में चुनने की वकालत की
![]()
यूपी टी20 लीग 2026 ने भारतीय क्रिकेट के दिग्गजों का ध्यान भी अपनी ओर खींचा है। यूपी टी20 लीग में रिंकू सिंह की कप्तानी और भुवनेश्वर कुमार की गेंदबाजी से प्रभावित पूर्व भारतीय ऑलराउंडर सुरेश रैना ने दोनों खिलाड़ियों को लेकर बड़ा बयान दिया है।
सुरेश रैना ने कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) को रिंकू सिंह (लखनऊ फाल्कन्स के कप्तान) को टीम की कप्तानी सौंपने की सलाह दी और कहा कि जब आपके घर में ही शेर खड़ा है तो बाहर से शेर लाने की जरूरत नहीं है।
वहीं, भुवनेश्वर कुमार (लखनऊ फाल्कन्स के कप्तान) की शानदार गेंदबाजी की तारीफ करते हुए उन्होंने भारतीय तेज गेंदबाज को 2027 वनडे विश्व कप के लिए टीम के दावेदारों में शामिल करने की वकालत की।
सुरेश रैना ने कहा कि यूपी टी20 लीग 2026 में भुवनेश्वर की गेंदबाजी और रिंकू सिंह की कप्तानी यह साबित करने के लिए काफी है कि राष्ट्रीय चयनकर्ताओं और आईपीएल टीमों को अब कहीं और देखने की जरूरत नहीं है।
सुरेश रैना हुए रिंकू और भुवी के मुरीद
सुरेश रैना मेरठ मावेरिक्स को यूपी टी20 लीग के इतिहास में लगातार चौथे फाइनल में पहुंचाने वाले रिंकू सिंह के मुरीद नजर आए। सुरेश रैना ने शाहरुख खान के सह मालिकाना हक वाली कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) के प्रबंधन को एक सलाह दी।
रिंकू को बनाना चाहिए KKR का कप्तान: रैना
सुरेश रैना ने कहा, ‘‘यूपी टी20 लीग में रिंकू सिंह का खेल और कप्तानी देखिए! जब आपके पास घर में ही शेर खड़ा है तो बाहर के शेर लगाने की जरूरत नहीं है। जब कोई खिलाड़ी अपनी टीम को लगातार चार बार यूपी टी20 लीग के फाइनल में पहुंचा रहा है तो उसमें कुछ तो खास बात होगी? केकेआर को अब रिंकू सिंह को ही अपनी कप्तानी सौंप देनी चाहिए।’’
लखनऊ फाल्कन्स को पहली बार फाइनल का टिकट दिलाने वाले कप्तान भुवनेश्वर कुमार की गेंदबाजी पर बात करते हुए सुरेश रैना ने कहा कि साल 2027 वनडे विश्व कप के लिए वह सबसे मुफीद गेंदबाज हैं।
सुरेश रैना ने कहा, ‘‘उन्हें टीम में होना चाहिए। धोनी भाई की कप्तानी में जब हमने वर्ल्ड कप जीते थे तो सिर्फ रफ्तार नहीं देखी जाती थी। आपको स्विंग, लाइन-लेंथ, सही एरिया में गेंद डालना और मैच जिताने वाला जज्बा चाहिए होता है।’’
भुवी पके हुए चावल की तरह: सुरेश रैना
सुरेश रैना ने कहा, ‘‘यूपी टी20 लीग में भुवनेश्वर कुमार ने जिस तरह हर मैच खेला। वह दिखाता है कि भुवी पूरी तरह से पके हुए चावल की तरह अनुभवी हो चुके हैं। 2027 विश्व कप में दक्षिण अफ्रीका की पिचों पर जो अतिरिक्त बाउंस मिलेगा, वहां नई गेंद पर भुवी को मिलने वाली स्विंग टीम इंडिया के लिए तुरुप का इक्का साबित होगी।’’
UP T20 League: रिंकू की अगुआई में मेरठ मेवरिक्स ने जीता खिताब, भुवनेश्वर की लखनऊ को 94 रन से हराया
रिंकू सिंह की अगुआई वाली मेरठ मेवरिक्स ने भुवनेश्वर कुमार की अगुआई वाली लखनऊ फॉल्कंस को 94 रनों से हराकर यूपी टी20 लीग 2026 का खिताब जीता। मेरठ ने दूसरी बार खिताब जीता। इससे पहले 2024 में माधव कौशिक की कप्तानी में मेरठ ने पहले सत्र का खिताब जीता था। (पूरी खबर पढ़ने के लिए क्लिक करें)