मिर्जापुर द मूवी ने दुखाया रैपरिया बालम का दिल, वीडियो शेयर कर कही ये बात
![]()
नई दिल्ली. ‘मिर्जापुर द मूवी’ रिलीज के बाद से ही दर्शकों के बीच चर्चा में है. फिल्म को लेकर जहां एक तरफ बॉक्स ऑफिस पर तहलका मच रहा, वहीं अब इसके एक गाने को लेकर विवाद खड़ा हो गया है. राजस्थानी सिंगर और रैपर रैपरिया बालम ने फिल्म में अपने गाने ‘शूरवीर’ के इस्तेमाल पर नाराजगी जताई है. उनका कहना है कि फिल्म में गाना शामिल करने से पहले उनसे किसी तरह की कोई इजाजत नहीं ली गई.
रैपरिया की नाराजगी सिर्फ अनुमति तक सीमित नहीं है. उन्होंने सोशल मीडिया पर वीडियो शेयर कर कहा कि इस तरह गाने का इस्तेमाल उन्हें काफी आहत करने वाला लगा. उनका दावा है कि ‘शूरवीर’ को ऐसे सीन में रखा गया है, जिसमें गैंगस्टर और विलेन के किरदार दिखाई देते हैं. रैपरिया के मुताबिक, इस गाने की कहानी और भावना इससे बिल्कुल अलग है.
रैपरिया बालम ने जाहिर की नाराजगी
रैपरिया बालम ने सोशल मीडिया पर वीडियो शेयर अपनी नाराजगी जाहिर की है. उन्होंने बताया कि ‘शूरवीर’ गाना उनके लिए बेहद खास है. इसे उन्होंने महाराणा प्रताप को श्रद्धांजलि देने के लिए तैयार किया है.लेकिन फिल्म में गाने को अपराधी किरदारों से जोड़कर सीन में शामिल किया गया है. अब उनका कहना है कि गाने के पीछे जिस भावना को रखा गया था, फिल्म में उसका इस्तेमाल किसी भी तरह से मेच नहीं करता है. ये गलत तरीके से गलत सीन पर यूज किया गया है.
महाराणा प्रताप को लेकर कही ये बात
रैपरिया ने इस पोस्ट में अपनी बात रखते हु्ए यह भी कहा कि उन्हें फिल्म में अपना गाना सुनाए जाने से परेशानी नहीं होती, लेकिन कम से कम इसे सही जगह यूज तो किया होता और गाने को शामिल करने से पहले उनसे बात तो की जानी चाहिए थी. अगर फिल्म की टीम उनसे संपर्क करती तो वह सीन के हिसाब से कोई दूसरे गाने का सुझाव भी दे सकते थे. रैपरिया बालम ने अपने वीडियो में बेहद इमोशनल तरीके से अपनी बात रखी है और उन्होंने कहा कि इस पूरे मामले ने उनका दिल दुखाया है. उन्होंने इस बात पर हैरानी भी जताई कि उन्हें अपने ही गाने के इस्तेमाल को लेकर सार्वजनिक तौर पर सफाई देनी पड़ रही है.उन्होंने कहा कि फिल्म की टीम की तरफ से उनसे गाना इस्तेमाल करने की अनुमति नहीं मांगी गई.
बता दें कि रैपरिया ने यह सवाल भी उठाया कि अगर उनकी मंजूरी नहीं ली गई तो फिर गाने के अधिकार किससे लिए गए.रैपरिया ने कहा कि ‘शूरवीर’ महाराणा प्रताप सिंह को समर्पित गाना है और ऐसे गाने को विलेन या गैंगस्टर्स के सीन के साथ इस्तेमाल करना उन्हें ठीक नहीं लगा.मेकर्स को इसका ध्यान रखना चाहिए था. गौरतलब है कि फिल्म में पंकज त्रिपाठी, अली फजल, दिव्येंदु, जितेंद्र कुमार और रवि किशन जैसे कलाकार अहम भूमिकाओं में हैं. ‘मिर्जापुर’ का पहला सीजन 2018 में आया था और इसके बाद यह क्राइम ड्रामा फ्रेंचाइजी दर्शकों के बीच काफी लोकप्रिय हुई.