फरीदाबाद से शुरू अनोखी यात्रा... वृंदावन से केदारनाथ तक दंडवत जा रहे बंसी
![]()
फरीदाबाद. सर्दियों की ठंडी हवा में भी कई लोग सुबह-सुबह मंदिर की ओर दौड़ पड़ते हैं लेकिन कुछ लोग ऐसे हैं जो अपने अनोखे कदमों से भक्ति का रास्ता चुनते हैं. ऐसे ही एक शख्स हैं बंसी भारद्वाज. वो वृंदावन से केदारनाथ तक दंडवत करते हुए जा रहे हैं. ये सिर्फ एक यात्रा नहीं ये उनके लिए भक्ति भी है और लोगों के लिए एक संदेश भी. रास्ते में लोग उन्हें देखते हैं तो हैरान रह जाते हैं क्योंकि इतना लंबा सफर दंडवत करके जाना हर किसी के बस की बात नहीं. बंसी अकेले नहीं हैं. उनके साथ उनके दोस्त केशव और भैरव बाबा भी चल रहे हैं. भैरव बाबा हैं जो बंसी की रक्षा कर रहे हैं और उन्हें हिम्मत दे रहे हैं. बंसी के साथ-साथ वो भी पूरे रास्ते चलते हैं, जैसे हर कदम पर उनका साथ दे रहे हों.
बंसी भारद्वाज खुद कहते हैं कि ये सफर सिर्फ अपने लिए नहीं है. उनका मकसद है कि लोग जागें और समाज में कुछ बदलाव आए. वो चाहते हैं कि गौ माता को राष्ट्र माता घोषित किया जाए. साथ ही उनका कहना है कि ब्रज क्षेत्र में मांस, मछली और अंडा खाने पर पूरी तरह रोक लगनी चाहिए. उन्हें लगता है कि लोग अगर इस बात को समझें तो समाज में काफी सुधार हो सकता है.
क्या है SYL विवाद…हरियाणा और पंजाब के बीच सुलझ जाएगा 70 साल पुराना झगड़ा? CM सैनी और भगवंत मान के संकेत समझिये
अब तक बंसी और उनके साथी एक महीने में वृंदावन से फरीदाबाद पहुंच चुके हैं. ये तो बस शुरुआत है. केदारनाथ जाने में अब भी कई महीने लगेंगे. हर दिन का सफर थकाने वाला और मुश्किल होता है फिर भी उनका जुनून और भक्ति उन्हें आगे बढ़ाती रहती है. रास्ते में जो लोग मिलते हैं, वो कभी आशीर्वाद लेते हैं, कभी उनकी हिम्मत देख खुद भी प्रेरित हो जाते हैं. उनकी ये यात्रा सिर्फ धर्म तक सीमित नहीं है. इसमें समाज के लिए भी एक बड़ा संदेश छुपा है. ये सफर बताता है कि अगर इरादा पक्का हो और मन में सच्ची भक्ति हो तो कोई भी रास्ता नामुमकिन नहीं रहता.