ट्रंप से मुलाकात, UNGA से दूरी... चीनी राष्ट्रपति जिनपिंग के अमेरिका दौरे का आया शेड्यूल

अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप कुछ ही महीने पहले तीन दिन की राजकीय यात्रा पर चीन गए थे. 13 से 15 मई के बीच हुई इस यात्रा के दौरान ही टंप ने चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग को अमेरिका आने का निमंत्रण दिया था. अब शी जिनपिंग के अमेरिका दौरे की घड़ी भी करीब आ गई है. शी जिनपिंग 23 से 25 सितंबर तक तीन दिन के राजकीय दौरे पर अमेरिका में होंगे.

साल 2015 के बाद शी जिनपिंग की यह पहली अमेरिका यात्रा है. शी जिनपिंग ने आखिरी बार 2015 में अमेरिका की यात्रा की थी. तब जिनपिंग ने न्यूयॉर्क में संयुक्त राष्ट्र की 70वीं वर्षगांठ से जुड़े कार्यक्रमों में हिस्सा लिया था. ऐसा माना जा रहा था कि शी जिनपिंग इस बार भी संयुक्त राष्ट्र के कार्यक्रमों में हिस्सा लेने के साथ ही अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप से मुलाकात कर सकते हैं, लेकिन अब रिपोर्ट्स के मुताबिक ऐसा होता नहीं दिख रहा.

रिपोर्ट्स की मानें तो फिलहाल जिनपिंग के संयुक्त राष्ट्र महासभा में शामिल होने का कार्यक्रम नहीं है. सामने आए शेड्यूल के मुताबिक चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग 23 सितंबर को अमेरिका पहुंचेंगे. 24 सितंबर को शी जिनपिंग और डोनाल्ड ट्रंप की मुलाकात तय है. दो महाशक्तियों के राष्ट्रपतियों की यह आधिकारिक मुलाकात व्हाइट हाउस में होगी.

यह भी पढ़ें: ताइवान को अपना बनाकर ही दम लेंगे जिनपिंग, पार्टी के शतक भाषण में दी कड़ी चेतावनी

इस दौरान दोनों देशों के शीर्ष नेता वैश्विक सुरक्षा और व्यापार के साथ ही अर्थव्यवस्था और द्विपक्षीय रिश्तों पर बात कर सकते हैं. शी जिनपिंग 25 सितंबर को वाशिंगटन डीसी से बीजिंग के लिए रवाना हो जाएंगे.  शी जिनपिंग जब अमेरिका में होंगे, न्यूयॉर्क में संयुक्त राष्ट्र महासभा भी चल रही होगी.

यह भी पढ़ें: 'अमेरिका को भारत से सीखना चाहिए!' वोटर ID नियम पर डोनाल्ड ट्रंप का बड़ा बयान

संयुक्त राष्ट्र महासभा की शुरुआत 22 सितंबर से हो रही है. ऐसे में माना जा रहा था कि जिनपिंग न्यूयॉर्क पहुंचकर संयुक्त राष्ट्र महासभा को भी संबोधित कर सकते हैं. अब साफ हो गया है कि शी जिनपिंग का यह अमेरिका दौरा ट्रंप के साथ शिखर वार्ता तक ही सीमित रहेगा.

Watch Live TV in Hindi

Watch Live TV in English