तो फिर मैदान में उतरेंगे नीतीश कुमार, संजय झा ने बताया बिहार की जनता का मूड
![]()
पटना. बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री और जेडीयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष नीतीश कुमार मंगलवार को पार्टी के कार्यकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष संजय झा के आवास पहुंचे. इस दौरान उन्होंने पार्टी नेताओं और वहां मौजूद अन्य लोगों से मुलाकात की. मुलाकात बड़ी इसलिए कही जा रही है क्योंकि इस दौरान नीतीश कुमार के बिहार में फिर से सक्रिय होकर लोगों और कार्यकर्ताओं के बीच जाने को लेकर चर्चा हुई है. संजय झा ने नीतीश कुमार से साफ तौर पर कहा कि लोगों की इच्छा है कि वह उनके बीच जाएं और मिलें. इसके बाद खबर सामने आई है कि अक्टूबर से नीतीश कुमार फिर से जमीन पर सक्रिय दिखेंगे और बिहार में लोगों के बीच जाने की तैयारी की बात सामने आई है.
संजय झा के आवास पर पहुंचे नीतीश कुमार
नीतीश कुमार के संजय झा के आवास अचानक पहुंचने के बाद जेडीयू नेताओं और कार्यकर्ताओं के बीच हलचल बढ़ गई. बताया जा रहा है कि दोनों नेताओं के बीच बिहार की मौजूदा राजनीतिक स्थिति और पार्टी की आगे की गतिविधियों को लेकर बातचीत हुई. यहां यह भी बता दें कि संजय झा जेडीयू के कार्यकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष हैं ही, इसके साथ ही नीतीश कुमार के करीबी नेताओं में उनकी गिनती होती है. ऐसे में इस मुलाकात को इसलिए भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है क्योंकि मुख्यमंत्री पद से हटने और राज्यसभा जाने के बाद नीतीश कुमार की बिहार में राजनीतिक भूमिका को लेकर लगातार चर्चा होती रही है.
नीतीश कुमार से लोगों के बीच जाने की मांग
मुलाकात के दौरान संजय झा ने नीतीश कुमार से कहा कि पार्टी के लोगों और आम जनता की ओर से लगातार यह मांग आ रही है कि वह उनके बीच जाएं. बताया गया कि कार्यकर्ता और आम लोग नीतीश कुमार से सीधे मिलना और उनसे संवाद करना चाहते हैं. संजय झा की ओर से रखी गई इस बात के बाद नीतीश कुमार ने भी बिहार में लोगों के बीच जाने की तैयारी करने का निर्देश दिया. सूत्रों के मुताबिक अक्टूबर से इस तरह के कार्यक्रम शुरू किए जाने की तैयारी है.
नीतीश की बिहार यात्रा की रूपरेखा तैयार करने का निर्देश
इसके साथ ही यह भी जानकारी सामने आई है कि नीतीश कुमार ने संजय झा को अपने आवास पर बुलाकर भी इस मुद्दे पर चर्चा की थी और अपनी संभावित यात्रा की रूपरेखा तैयार करने का निर्देश दिया. इसके बाद संजय झा के आवास पर हुई मुलाकात को इसी तैयारी से जोड़कर देखा जा रहा है. हालांकि, यात्रा की तारीख, कितने जिलों का दौरा होगा, किन स्थानों पर कार्यक्रम होंगे और कार्यक्रम का स्वरूप क्या होगा, इसकी आधिकारिक विस्तृत घोषणा अभी सामने नहीं आई है.
राज्यसभा जाने के बाद बिहार में सक्रिय रहेंगे नीतीश कुमार
नीतीश कुमार के राज्यसभा जाने के बाद जेडीयू की ओर से लगातार यह संदेश दिया जाता रहा है कि वह बिहार की राजनीति और पार्टी संगठन से दूर नहीं होंगे. मार्च में संजय झा ने भी कहा था कि संसद सत्र के दौरान नीतीश कुमार दिल्ली में रहेंगे और बाकी समय बिहार में रहकर पार्टी और सरकार को मार्गदर्शन देंगे. इसी कड़ी में अब उनके संभावित बिहार दौरे को महत्वपूर्ण माना जा रहा है. अगर अक्टूबर से यह कार्यक्रम शुरू होता है तो नीतीश कुमार लंबे समय बाद राज्य के अलग-अलग हिस्सों में कार्यकर्ताओं और आम लोगों से सीधे संवाद करते नजर आ सकते हैं.
जेडीयू संगठन के लिए भी अहम होगा नीतीश कुमार का दौरा
नीतीश कुमार का लोगों के बीच जाना जेडीयू संगठन के लिए भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है. पार्टी के कार्यकर्ताओं के साथ सीधा संवाद संगठन को सक्रिय करने में मदद कर सकता है. खासकर ऐसे समय में जब राज्य की राजनीति में सत्ता समीकरण बदल चुके हैं और जेडीयू को अपनी राजनीतिक भूमिका मजबूत बनाए रखनी है.फिलहाल निगाह इस बात पर है कि संजय झा और जेडीयू नेतृत्व नीतीश कुमार की यात्रा का औपचारिक कार्यक्रम कब जारी करता है. अक्टूबर से संभावित इस दौरे में किन जिलों को शामिल किया जाएगा, यह भी आने वाले दिनों में स्पष्ट होगा.