KBC 18: ‘घोड़ा-घोड़ी’ में फर्क नहीं कर पाए IIT टॉपर, 1 करोड़ के सवाल का दिया गलत जवाब; 50 लाख जीतकर लौटे घर
![]()
सदी के महानायक अमिताभ बच्चन के क्विज शो ‘कौन बनेगा करोड़पति 18’ को लोगों का खूब प्यार मिल रहा है, जिसके हालिया एपिसोड में एक बेहद ही दिलचस्प मोड़ देखने को मिला. हॉटसीट पर बैठे IIT बॉम्बे के टॉपर और UPSC की तैयारी कर रहे कंटेस्टेंट योगेश साहू ने बेहतरीन खेलते हुए 50 लाख रुपये की रकम जीत ली. हालांकि, जब उनके सामने 1 करोड़ रुपये का 15वां सवाल आया, तो उन्होंने किसी भी तरह का जोखिम न लेते हुए गेम को वहीं छोड़ना सही समझा. खेल छोड़ने के बाद उन्होंने जो तर्क दिया, उसने बिग बी को हैरान कर दिया.
अमिताभ बच्चन ने 1 करोड़ रुपये के लिए योगेश से जो सवाल किया था वो ये था, ‘बड़ौदा के महाराजा के किस घोड़े ने साल 1943 में मुंबई के महालक्ष्मी रेसकोर्स में पहली इंडियन डर्बी जीती थी?’, जिसके चार ऑप्शन थे - प्रिंसेस ब्यूटीफुल, रीगल डोमेन, स्टार ऑफ ग्वालियर और प्रिंस प्रदीप. चूंकि, योगेश इस सवाल के जवाब को लेकर पूरी तरह कॉन्फिडेंट नहीं थे और उनके पास कोई लाइफलाइन भी नहीं बची थी, इसलिए उन्होंने गलत जवाब देकर अपनी जीती हुई रकम गंवाने के बजाय 50 लाख रुपये लेकर खेल छोड़ना ही बेहतर समझा.
घोड़े और घोड़ी के फेर में उलझे योगेश
इसके बाद बिग बी ने बताया कि सही जवाब था ‘प्रिंसेस ब्यूटीफुल’. गेम छोड़ने के बाद योगेश ने बताया कि उन्होंने पहली इंडियन डर्बी के बारे में ज्यादा नहीं पढ़ा. उन्होंने एलिमिनेशन तकनीक का इस्तेमाल किया और माना कि सवाल में ‘घोड़े’ का जिक्र था, इसलिए ‘प्रिंसेस ब्यूटीफुल’ सही जवाब नहीं हो सकता, क्योंकि वो नाम किसी घोड़ी का लगता है. बाद में जब बिग बी ने उनसे एक अंदाजे से जवाब चुनने को कहा, तो योगेश ने ‘प्रिंस प्रदीप’ का नाम लिया. जब बिग बी ने सही जवाब बताया, तो योगेश ने कहा कि सवाल गलत तरीके से फ्रेम किया गया था.
शाहरुख खान की फिल्म के डायरेक्टर... तेलुगु फिल्मों को बताया ‘फ्लॉप’, तो गुस्से से तिलमिलाए फैंस ने जमकर लगाई क्लास
IAS बनने के लिए छोड़ी लाखों की नौकरी
शो के दौरान योगेश साहू ने ये भी बताया कि उनके लिए ये सफर कितना स्ट्रगल भरा रहा. आईआईटी बॉम्बे से पढ़ाई पूरी करने के बाद उन्हें कैंपस प्लेसमेंट में 18 लाख रुपये सालाना का शानदार जॉब ऑफर मिला था, लेकिन उन्होंने अपने बचपन के सपने और UPSC सिविल सेवा परीक्षा की तैयारी के लिए उस नौकरी को ठुकरा दिया. योगेश ने बताया कि वे देश की सेवा के लिए IAS अधिकारी बनना चाहते हैं. शो के दौरान उनकी ये दृढ़ इच्छाशक्ति और ज्ञान देखकर अमिताभ बच्चन भी उनसे काफी इंप्रेस नजर आए और उनकी जमकर तारीफ की.
फैमिली स्ट्रगल और माता-पिता का भरोसा
‘कौन बनेगा करोड़पति 18’ की हॉट सीट पर योगेश के साथ आए उनके पिता ने अपने परिवार की फाइनेंशियल सिचुएशन और स्ट्रगल के दिनों को याद किया. उन्होंने बताया कि वे महीने के करीब 20,000 रुपये कमाते थे, जिसमें से 11,000 रुपये परिवार के खर्च के लिए रखकर बाकी बचत के तौर पर जमा करते थे. परिवार की तंगी देखकर योगेश को अक्सर आगे की महंगी पढ़ाई करने में झिझक होती थी, लेकिन उनके माता-पिता ने हमेशा अपने बेटे की काबिलियत पर पूरा भरोसा रखा और हर मोड़ पर उसके बड़े सपनों का खुलकर साथ दिया.
KBC 18 का नया रोमांचक फॉर्मेट
बता दें, अमिताभ बच्चन के क्विज शो ‘कौन बनेगा करोड़पति’ का 18वां सीजन 10 अगस्त से नए नियमों और रोमांच के साथ शुरू हुआ है. इस बार गेम में कुल 16 सवाल रखे गए हैं और सबसे बड़ा जैकपॉट प्राइज 7 करोड़ रुपये का है. शो में भाग लेने वाले कंटेस्टेंट्स को शुरुआत में दो लाइफलाइन दी जाती हैं, जबकि आगे का पड़ाव पार करने पर उन्हें दो अतिरिक्त लाइफलाइन मिलती हैं. अमिताभ बच्चन का चिर-परिचित अंदाज और कंटेस्टेंट्स के ज्ञान का ये मुकाबला हर रोज लोगों को टीवी स्क्रीन से बांधे रख रहा है.