चूल्हे पर एक के ऊपर रखे जाते हैं 7 बर्तन, पर सबसे पहले ऊपर वाला खाना कैसे पकता है? जानिए इस चमत्कार का सच

ओडिशा के खूबसूरत शहर पुरी में भगवान जगन्नाथ का मंदिर अपने अनोखे रहस्यों के लिए जाना जाता है. यहां कई ऐसी बातें हैं जिन्हें देखकर आज का विज्ञान भी सोच में पड़ जाता है. सबसे बड़ा अजूबा तो मंदिर की विशाल रसोई में देखने को मिलता है, जहां भगवान के लिए रोज महाप्रसाद बनता है. 

यहां मिट्टी की बर्तनों को चूल्हे पर एक के ऊपर एक रखकर 7 तलों में सजाया जाता है. हैरान करने वाली तो बात ये है कि आग नीचे जलती है, लेकिन सबसे पहले खाना सबसे ऊपर वाली हांडी में पकता है.

दुनिया की सबसे बड़ी रसोई का अनोखा अंदाज

जगन्नाथ मंदिर की रसोई को दुनिया की सबसे बड़ी रसोइयों में गिना जाता है. यहां भगवान जगन्नाथ, बलभद्र जी और माता सुभद्रा के लिए भोग तैयार किया जाता है. सैकड़ों रसोइये पूरी निष्ठा और साफ सफाई के साथ मिलकर यह काम संभालते हैं.

आम दिनों में हजारों और त्योहारों पर लाखों भक्तों के लिए यहां खाना बनता है. सबसे बड़ी बात यह है कि इतने सारे लोगों के लिए खाना बनने के बाद भी न तो कभी प्रसाद कम पड़ता है और न ही एक दाना बर्बाद होता है.

एक चूल्हे पर 7 मिट्टी की हांडियों का खेल

यहां महाप्रसाद बनाने का तरीका बिल्कुल देसी और पारंपरिक है. खाना पकाने के लिए धातु के बर्तनों की जगह केवल खास मिट्टी से बने मटकों का इस्तेमाल होता है. चूल्हे में लकड़ियां जलाई जाती हैं. 

फिर एक ही चूल्हे के ऊपर मिट्टी के 7 बर्तनों को एक एक करके टिका दिया जाता है. आग की लपटें तो सिर्फ सबसे नीचे वाली हांडी को छू पाती हैं, फिर भी ऊपर तक रखे सभी बर्तनों में खाना धीरे धीरे पकने लगता है.

जहां साइंस के नियम भी उल्टे पड़ जाते हैं

हम सब जानते हैं कि जो बर्तन आग के सबसे करीब होगा, उसका खाना सबसे पहले पकेगा. मगर जगन्नाथ मंदिर की रसोई में गणित एकदम उल्टा बैठता है. यहां 7वें नंबर पर यानी सबसे ऊपर रखी हांडी का चावल सबसे पहले पकता है.

 इसके बाद छठे, पांचवें और चौथे बर्तन का नंबर आता है. सबसे नीचे वाली हांडी का प्रसाद सबसे आखिर में बनकर तैयार होता है. इस उल्टे क्रम को देखकर हर कोई हैरान रह जाता है.

आस्था और भाप का जादू

अगर वैज्ञानिक नजरिए से देखें, तो कुछ जानकारों का मानना है कि मिट्टी के बर्तनों से निकलने वाली गर्म भाप सबसे ऊपर जाकर जमा हो जाती है. यही भाप ऊपरी हांडी को सबसे ज़्याद तपिश देती है, जिससे वहां का खाना पहले सीझ जाता है.

 वहीं मंदिर के पुजारियों और श्रद्धालुओं की बात करें, तो वे इसे सीधे सीधे महाप्रभु जगन्नाथ की कृपा और चमत्कार मानते हैं. सच जो भी हो, लकड़ी, मिट्टी और भाप का यह तालमेल आज भी सबको हैरान कर देता है.

डिस्क्लेमर: इस लेख में दी गई जानकारी धार्मिक मान्यताओं, लोक-परंपराओं और स्थानीय जनश्रुतियों पर आधारित है. इसका उद्देश्य किसी भी प्रकार के अंधविश्वास को बढ़ावा देना या वैज्ञानिक तथ्यों को चुनौती देना नहीं है. पाठक इसे केवल धार्मिक आस्था और जानकारी के दृष्टिकोण से ही लें.

ये भी पढ़ें: मंदिर में जल चढ़ाने के बाद खाली लोटा घर लाना सही है या गलत? जानें क्या कहता है शिव महापुराण