नेमार के बाद रोनाल्डो का सपना रह गया अधूरा, 5 ऐसे दिग्गज फुटबॉलर जो नहीं बुझा सके वर्ल्ड कप जीतने की प्यास

फुटबॉल की दुनिया में FIFA वर्ल्ड कप जीतना किसी भी खिलाड़ी के करियर की सबसे बड़ी उपलब्धि माना जाता है. कई दिग्गज खिलाड़ियों ने क्लब स्तर पर अनगिनत ट्रॉफियां जीतीं, रिकॉर्ड बनाए और करोड़ों प्रशंसकों का दिल जीता, लेकिन जब बात वर्ल्ड कप की आई तो किस्मत ने उनका साथ नहीं दिया. फीफा वर्ल्ड कप 2026 में 24 घंटे के अंदर दो स्टार फुटबॉलर का वर्ल्ड कप जीतने का सपना अधूरा रह गया. 

पहले नॉर्वे ने ब्राजील को हराकर नेमार जूनियर का दिल तोड़ा और अगले दिन स्पेन ने पुर्तगाल को हराकर सुपरस्टार क्रिस्टियानो रोनाल्डो को ऐसा जख्म दिया, जो उन्हें हमेशा तकलीफ देगा. क्लब और इंटरनेशनल में मिलाकर सर्वाधिक 976 गोल दागने के बावजूद रोनाल्डो का वो ख्वाब अधूरा रह गया, जो वो पिछले कई सालों से देख रहे थे. नेमार और रोनाल्डो सहित आइए जानते हैं उन पांच महान फुटबॉलरों के बारे में, जो महान करियर के बावजूद कभी वर्ल्ड कप नहीं जीत सके

1. क्रिस्टियानो रोनाल्डो (पुर्तगाल)

क्रिस्टियानो रोनाल्डो को फुटबॉल इतिहास के सबसे महान खिलाड़ियों में गिना जाता है. उन्होंने क्लब स्तर पर UEFA चैंपियंस लीग, घरेलू लीग खिताब और बैलन डी'ओर जैसे कई बड़े सम्मान अपने नाम किए. इसके अलावा पुर्तगाल को यूरो कप और UEFA नेशंस लीग का चैंपियन भी बनाया.

हालांकि, FIFA वर्ल्ड कप की ट्रॉफी उनसे हमेशा दूर रही. 2006 से 2026 तक खेले गए 6 वर्ल्ड कप में उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 2006 में रहा, जब पुर्तगाल सेमीफाइनल तक पहुंचा. 2018 में स्पेन के खिलाफ उनकी हैट्रिक आज भी वर्ल्ड कप इतिहास की यादगार पारियों में गिनी जाती है, लेकिन टीम कभी फाइनल तक नहीं पहुंच सकी. फीफा वर्ल्ड कप 2026 में स्पेन ने रोनाल्डो के सपने को चकनाचूर कर दिया. स्टार खिलाड़ी ने पहले ही ये ऐलान कर दिया था कि ये उनका आखिरी विश्व कप है.

2. योहान क्रूइफ (नीदरलैंड)

नीदरलैंड के महान खिलाड़ी योहान क्रूइफ ने "टोटल फुटबॉल" की सोच से इस खेल को नई दिशा दी. उनकी कप्तानी में नीदरलैंड 1974 FIFA वर्ल्ड कप के फाइनल में पहुंचा और खिताब का प्रबल दावेदार माना जा रहा था. लेकिन फाइनल में पश्चिम जर्मनी ने 2-1 से जीत दर्ज कर क्रूइफ का सपना तोड़ दिया. तीन बार बैलन डी'ओर जीतने वाले इस महान खिलाड़ी के नाम वर्ल्ड कप ट्रॉफी कभी नहीं जुड़ सकी. उनका मशहूर "क्रूइफ टर्न" आज भी फुटबॉल की सबसे प्रसिद्ध स्किल्स में शामिल है.

3. फेरेंक पुस्कास (हंगरी)

हंगरी के महान स्ट्राइकर फेरेंक पुस्कास को दुनिया के सबसे बेहतरीन गोल स्कोररों में गिना जाता है. उन्होंने अपने करियर में 600 से अधिक गोल किए और 1954 वर्ल्ड कप में हंगरी की कप्तानी करते हुए टीम को फाइनल तक पहुंचाया. फाइनल में हंगरी को पश्चिम जर्मनी के हाथों 3-2 से हार का सामना करना पड़ा. इस मुकाबले को बाद में "मिरेकल ऑफ बर्न" के नाम से जाना गया. उनके सम्मान में FIFA आज भी साल के सबसे खूबसूरत गोल के लिए "पुस्कास अवॉर्ड" देता है.

4. यूसेबियो (पुर्तगाल)

क्रिस्टियानो रोनाल्डो से पहले यूसेबियो पुर्तगाल के सबसे बड़े फुटबॉल स्टार माने जाते थे. उन्होंने अपने करियर में 700 से ज्यादा गोल किए और 1966 वर्ल्ड कप में शानदार प्रदर्शन करते हुए गोल्डन बूट जीता. उनकी बदौलत पुर्तगाल तीसरे स्थान पर रहा, लेकिन टीम कभी वर्ल्ड कप फाइनल तक नहीं पहुंच सकी. शानदार व्यक्तिगत प्रदर्शन के बावजूद विश्व चैंपियन बनने का सपना अधूरा रह गया.

5. नेमार (ब्राजील)

ब्राजील के सुपरस्टार नेमार जूनियर को अपनी पीढ़ी के सबसे प्रतिभाशाली फुटबॉलरों में गिना जाता है. उन्होंने बार्सिलोना और पेरिस सेंट-जर्मेन (PSG) जैसे क्लबों के लिए शानदार प्रदर्शन किया और ब्राजील को 2013 फीफा कन्फेडरेशन कप और 2016 ओलंपिक स्वर्ण पदक जिताने में अहम भूमिका निभाई. राष्ट्रीय टीम के लिए वे ब्राजील के सर्वकालिक शीर्ष गोल स्कोररों में शामिल हैं. हालांकि, FIFA वर्ल्ड कप जीतने का उनका सपना अधूरा रह गया है.

नेमार ने 2014, 2018 और 2022 और 2026 वर्ल्ड कप खेले. 2014 में चोट के कारण वे क्वार्टर फाइनल के बाद टूर्नामेंट से बाहर हो गए, जिसके बाद ब्राजील को सेमीफाइनल में जर्मनी के हाथों 7-1 की ऐतिहासिक हार झेलनी पड़ी. 2018 में ब्राजील क्वार्टर फाइनल में बेल्जियम से हार गया, जबकि 2022 में क्रोएशिया ने पेनल्टी शूटआउट में ब्राजील को बाहर कर दिया. फीफा वर्ल्ड कप 2026 में नॉर्वे के खिलाफ हार के बाद ब्राजील का सफर समाप्त हुआ और नेमार ने इसके साथ ही अपने दिल पर पत्थर रख इंटरनेशनल फुटबॉल से संन्यास का ऐलान कर दिया.

यह भी पढ़ें: टूटा वर्ल्ड कप का सपना तो रोने लगे रोनाल्डो, महान खिलाड़ी को इस हाल में देख आप भी हो जाएंगे इमोशनल