काली खिड़कियां और 'CATCHM3' नंबर प्लेट, BMW कार में रखा था 26 लाख कैश; पुलिस ने किया बरामद
![]()
उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में पुलिस ने एक बीएमडब्ल्यू (BMW) कार से कैश बरामद किया है. साथ ही एक स्कॉर्पियो कार भी खड़ी मिली है. दोनों कारों पर काले रंग का शीशा लगा हुआ था, जिससे अंदर का नहीं देखा जा सकता था. पुलिस ने कैश बरामद कर आयकर विभाग को सूचना दी और कारों को जब्त कर लिया है. इसके अलावा तीनों को हिरासत में लिया है.
दरअसल, स्मृति उपवन के पास शनिवार रात को काली खिड़कियों और 'CATCHM3' नंबर प्लेट वाली एक शानदार BMW कार संदिग्ध हालत में खड़ी दिखी, जिस पर पुलिस की नजर पड़ी. इसके अलावा स्कॉर्पियो कार भी बगल में थी. इस दौरान पुलिस को पास में तीन संदिग्ध लोग दिखे.
पुलिस ने उनसे कार के कागजात दिखाने को कहा, जो वो नहीं दिखा पाए. ई-चालान ऐप से जांच करने पर पुलिस को पता चला कि BMW कार शिवांशु कुमार पांडे के नाम पर रजिस्टर्ड थी और स्कॉर्पियो कृष्ण कुमार सिंह की थी.
500 के नोटों में थे 26,00,000 रुपये
पुलिस ने जब मौके पर पूछताछ की तो बताया कि वह कैश गिन रहे थे, जो बीएमडब्ल्यू की डिक्की में रखे लॉकर में था. इसके बाद पुलिस ने कार की तलाशी तो अंदर 26 लाख रुपये मिले जो, 500 रुपये की नोटों के 52 बंडलों में थे. तीनों लोग कैश के बारे में कोई स्पष्टीकरण या कागज़ात भी नहीं दे पाए.
इसके बाद पुलिस ने इनकम टैक्स डिपार्टमेंट को सूचना दी और कानूनी कार्रवाई शुरू की. तीनों की पहचान शिवांशु पांडे (21), रोचमन वर्मा (19) और रचित ठाकुर (21) के रूप में हुई है.
अधिकारियों के अनुसार, लखनऊ कमिश्नरेट संदिग्ध गतिविधियों के खिलाफ लगातार प्रभावी निगरानी और गाड़ियों की सघन चेकिंग अभियान चला रहा है. उन्होंने जनता से यह भी अपील की कि वे किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें, ताकि समय पर और प्रभावी कार्रवाई की जा सके.
ये भी पढ़ें- लखनऊ में चाय और बन मस्का के साथ नितिन नवीन फूंका यूपी का चुनावी बिगुल, देखिए VIDEO