सब मिलकर मोदी को तोड़ देंगे..., ऐसा क्यों बोलने लगे बदरुद्दीन अजमल?
![]()
असम की बिन्नाकांडी विधानसभा सीट से विधायक और ऑल इंडिया यूनाइटेड डेमोक्रैटिक फ्रंट (AIUDF) ने अब विपक्षी गठबंधन, कांग्रेस और राहुल गांधी को नसीहत दी है। उनका कहना है कि सबको एक होना चाहिए और राहुल गांधी को नींद से जागना चाहिए वरना नरेंद्र मोदी भारत में रूस की तरह राष्ट्रपति का राज ले आएंगे। बदरुद्दीन अजमल ने अलग-अलग दलों में हो रही टूट पर कहा कि ऐसे ही सब एक दिन मिल जाएंगे तो नरेंद्र मोदी को तोड़ देंगे, उनकी भी बारी आएगी। उन्होंने कहा कि आज मोदी का राज है तो वह तोड़ रहे हैं लेकिन उससे डरना नहीं चाहिए।
बदरुद्दीन अजमल का यह बयान ऐसे वक्त आया है जब विपक्षी दलों में हर दिन टूट हो रही है। आम आदमी पार्टी (AAP), तृणमूल कांग्रेस (TMC) और शिवसेना (उद्धव बाला साहब ठाकरे) के सांसद टूट चुके हैं और कई अन्य दलों के सांसदों के नेशनल डेमोक्रैटिक अलायंस (NDA) के साथ जाने की चर्चा है। माना जा रहा है कि आगामी संसद सत्र में कई दल सरकार का साथ देते दिखाई दे सकते हैं। इसमें राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरद पवार) और द्रविड़ मुनेत्र कड़गम (DMK) जैसे दलों के नाम भी शामिल हैं।
यह भी पढ़ें: पुराने तेवर के साथ 'राम रक्षा आंदोलन' कर रहे उद्धव, मिलेगी खोई सियासी जमीन?
किसे नसीहत दे गए बदरुद्दीन अजमल?
विपक्षी दलों में हो रही टूट पर बदरुद्दीन अजमल ने कहा, '100 बार इलेक्शन तोड़ दिया। इसका घर तोड़ दिया, उसका घर तोड़ दिया, फिर उसके बाद? उसके बाद मोदी जी की बारी आएगी। कोई उनको भी तोड़ देगा। सब मिल जाएंगे और उनको तोड़ देंगे। फिर उसके बाद क्या होगा? आज मोदीजी का राज है, वह तोड़ रहे हैं। कल जैसे ही वह कमजोर पड़ेंगे, सब मिल जाएंगे और वे मोदीजी को भी तोड़ देंगे। हमको उससे डरना नहीं चाहिए। INDIA गठबंधन की जो एकता है, उसे मजबूत करना चाहिए। राहुल जी लीड कर रहे हैं तो उन्हें मजबूत करना चाहिए।'
कांग्रेस को नसीहत देते हुए अजमल ने कहा, 'राहुल जी को हर छोटे-मोटे जगह में जाकर चुनाव नहीं लड़ना चाहिए। अगर बंगाल में राहुल जी नहीं लड़े होते शायद ममता जी का यह हाल नहीं होता। जब उनका गठबंधन है तो उनको जाना नहीं चाहिए। यह उनको सोचना चाहिए।' पार्टियों में टूट और आपसी बिखराव के सवाल पर बदरुद्दीन अजमल ने कहा, 'ऐसा क्यों हुआ? क्योंकि आपस में इत्तेफाक नहीं है। महाराष्ट्र में भी राहुल गांधी गए। क्यों गए? आपके लोग हैं न? आप उनको ताकत दीजिए। आप उनके खिलाफ कैंडिडेट क्यों खड़े करते हैं? आपस में कमजोरी होती है और दुश्मन इसका फायदा उठाता है।'
यह भी पढ़ें: BJP का झंडा लेकर 37 करोड़ की जमीन कब्जाने पहुंचे 17 बदमाश, हथियारों संग गिरफ्तार
'राष्ट्रपति शासन लाना चाहते हैं मोदी'
विपक्षी दलों से एकसाथ आने की अपील करते हुए बदरुद्दीन अजमल ने कहा, 'NDA बढ़ रहा है और बढ़ता रहा तो एकदिन सबको खा जाएगा। उससे पहले एक हो गए तो शायद जान बच जाए। नहीं होगा तो मोदीजी रूस की तरह राष्ट्रपति शासन लाना चाह रहे हैं और वह एकदिन ले आएंगे। वन नेशन, वन इलेक्शन और वन थ्योरी और एवरीथिंग इज वन। यही करना चाहते हैं और वे ऐसा कर देंगे। अगर आज भी राहुल गांधी नींद से नहीं उठे तो यही होने वाला है।'
बता दें कि 2021 के असम विधानसभा चुनाव में AIUDF और कांग्रेस ने साथ मिलकर चुनाव लड़ा था। दोनों दल सत्ता में तो नहीं आ पाए थे लेकिन प्रदर्शन 2026 से अच्छा था। इस बार के चुनाव में दोनों का गठबंधन टूट गया था और AIUDF अलग-थलग हो गई थी। इसका नतीजा चुनाव में दिखा और कांग्रेस सिर्फ 19 और AIUDF सिर्फ दो सीटें ही जीत पाई। कुछ सीटें ऐसी भी रहीं जहां AIUDF और कांग्रेस के अलग लड़ने का फायदा नेशनल डेमोक्रैटिक अलायंस (NDA) को हुआ और उसके उम्मीदवार कम अंतर से चुनाव जीत गए।