फ्रांस का टूटा सपना, मगर गोल्डन बूट की रेस में अभी जिंदा हैं एम्बाप्पे, क्यों एक और मैच खेलने का मिला मौका?
![]()
FIFA World Cup 2026: फीफा वर्ल्ड कप 2026 के पहले सेमीफाइनल में स्पेन ने फ्रांस को 2-0 से हराकर फाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली है. इस टूर्नामेंट में 8 गोल दागने वाले स्टार खिलाड़ी किलियन एम्बाप्पे इस अहम मुकाबले में अपना जादू नहीं दिखा सके. गोल्डन बूट की रेस में वो अभी भी अर्जेंटीना के सुपरस्टार लियोनेल मेसी के साथ नंबर-1 पर मौजूद हैं, लेकिन बड़ा सवाल ये है कि सेमीफाइनल में फ्रांस की हार के बाद भी एम्बाप्पे को इस वर्ल्ड कप में गोल दागने का मौका मिलेगा?
इस सवाल का जवाब है- हां. भले ही फ्रांस का तीसरी बार खिताब जीतने का सपना टूट गया है, लेकिन एम्बाप्पे के पास अभी भी लगातार दूसरी बार गोल्डन बूट जीतने का सुनहरा मौका है. दरअसल, इस वर्ल्ड कप में फ्रांस की टीम एक और मुकाबला खेलने वाली है, जिसमें अगर एम्बाप्पे गोलों की संख्या बढ़ाते हैं तो वो 2022 के बाद 2026 में भी गोल्डन बूट का अवॉर्ड जीत सकते हैं.
ट्रॉफी का सपना टूटा, अब गोल्डन बूट पर निशाना
27 साल के किलियन एम्बाप्पे एक बार (2018) वर्ल्ड चैंपियन और एक बार (2022) में गोल्डन बूट जीत चुके हैं. स्पेन के खिलाफ सेमीफाइनल मैच को छोड़ दें तो 2026 विश्व कप में भी फ्रांस के कप्तान का प्रदर्शन शानदार रहा. वो टूर्नामेंट में 8 गोल दाग चुके हैं और गोल्डन बूट की रेस में मेसी को कड़ी टक्कर दे रहे हैं.
अब फ्रांस की टीम फीफा वर्ल्ड कप 2026 के ब्रॉन्ज मेडल मैच (जिसे तीसरे स्थान के लिए होने वाला मुक़ाबला भी कहा जाता है) के लिए 19 जुलाई को मैदान पर उतरेगी. उनका सामना अर्जेंटीना बनाम इंग्लैंड के बीच होने वाले दूसरे सेमीफाइनल में हारने वाली टीम से होगा. गोल्डन बूट के लिए नॉमिनेट हुए किलियन एम्बाप्पे टूर्नामेंट में सबसे ज़्यादा गोल करने वालों की लिस्ट में टॉप पर बने रहने की कोशिश करेंगे. बता दें कि फीफा वर्ल्ड कप के एक संस्करण में सबसे अधिक गोल दागने वाले खिलाड़ी को गोल्डन बूट का अवॉर्ड मिलता है.
गोल्डन बूट की रेस में कौन-कौन
किलियन एम्बाप्पे (फ्रांस) - 8 गोल
लियोनेल मेसी (अर्जेंटीना) - 8 गोल
एर्लिंग हालैंड (नॉर्वे) - 7 गोल
हैरी केन (इंग्लैंड) - 6 गोल
जूड बेलिंगहम (इंग्लैंड) - 5 गोल
फ्रांस बनाम स्पेन सेमीफाइनल मैच में क्या हुआ?
- 20वें मिनट में फ्रांस के डिफेंडर से बड़ी गलती हुई और उन्हें पेनल्टी दिया गया.
- 22वें मिनट में मिकेल ओयारजाबल ने पेनल्टी को गोल में तब्दील कर स्पेन को 1-0 की बढ़त दिलाई.
- हाफ टाइम तक स्कोर: स्पेन 1-0 फ्रांस
- 58वें मिनट में पेड्रो पोरो ने शानदार फिनिश कर स्पेन को 2-0 से आगे कर दिया और फ्रांस की हार लगभग तय हो गई.
- 61वें मिनट में लामिन यामल ने स्पेन के लिए लगभग 3-0 का स्कोर कर दिया था, लेकिन रेफरी ने इसे ऑफसाइड करार दिया और गोल रद्द हो गया.
- फाइनल स्कोर: स्पेन 2- 0 फ्रांस.
यह भी पढ़ें: खिताब के थे दावेदार, स्पेन ने सेमीफाइनल में उतार दिया फ्रांस का बुखार... ये 3 खिलाड़ी रहे जीत के हीरो