India vs England: टीम इंडिया के कोच का चौंकाने वाला कदम, इंग्लैंड दौरे के बाद पद छोड़ने का किया ऐलान

Indian Cricket Team Coach: भारतीय क्रिकेट टीम के इंग्लैंड दौरे के बीच एक बड़ी खबर सामने आई है. टीम इंडिया के सहायक कोच रयान टेन डोशेट अपना पद छोड़ना चाहते हैं. यदि भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) और मुख्य कोच गौतम गंभीर उन्हें अनुमति देते हैं, तो यह टीम के साथ उनका आखिरी हफ्ता हो सकता है. इंग्लैंड के खिलाफ अंतिम वनडे मैच राष्ट्रीय टीम के साथ उनके जुड़ाव का अंत हो सकता है. पूर्व डच क्रिकेटर ने कथित तौर पर बीसीसीआई को अपनी इस इच्छा के बारे में सूचित कर दिया है.  उनके इस निर्णय का कारण नौकरी से कोई असंतोष नहीं है.

क्रिकबज की रिपोर्ट के अनुसार, रयान टेन डोशेट ने पद छोड़ने की इच्छा जताई है. डोशेट ठीक दो साल पहले भारतीय क्रिकेट टीम के कोचिंग स्टाफ में शामिल हुए थे और माना जाता है कि उन्होंने बीसीसीआई के साथ अपना शुरुआती अनुबंध पूरा कर लिया है. रिपोर्ट के अनुसार, उनका कार्यकाल 12-14 जुलाई के आसपास समाप्त माना जा रहा है. हालांकि, यदि सभी पक्ष सहमत होते हैं, तो उम्मीद है कि वह इंग्लैंड के खिलाफ चल रही मौजूदा वनडे सीरीज पूरी होने के बाद अपना कार्यकाल समाप्त करेंगे.

क्यों छोड़ना चाहते हैं पद?

रिपोर्ट के अनुसार, रयान टेन डोशेट ने यह फैसला निजी कारणों से लिया है और वह लंदन में रहने वाले अपने परिवार को अधिक समय देना चाहते हैं. वह कथित तौर पर ऐसी भूमिका की तलाश में हैं जिसमें यात्रा कम करनी पड़े और शेड्यूल बहुत अधिक व्यस्त न हो.

गंभीर रोकेंगे सहायक कोच का इस्तीफा?

मुख्य कोच गौतम गंभीर ने ही उनकी नियुक्ति के दौरान बीसीसीआई से उनके नाम की सिफारिश की थी. रिपोर्ट में कहा गया है कि गंभीर के पास उनके इस्तीफे को वीटो (रोकने) करने का विकल्प होगा. हालांकि, इसकी संभावना बहुत कम है कि गंभीर ऐसा कोई निर्णय लेंगे.

ये भी पढ़ें:   IND vs ENG: मैदान पर उतरते ही जोस बटलर ने रचा इतिहास, खास क्लब में मारी एंट्री

एमएसके प्रसाद ने किया गौतम गंभीर का बचाव

इस बीच, पूर्व भारतीय क्रिकेटर और चयन समिति के पूर्व अध्यक्ष एमएसके प्रसाद ने कहा कि इंग्लैंड और आयरलैंड के खिलाफ टी20 सीरीज के दौरान मुख्य कोच गौतम गंभीर के पास सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी उपलब्ध नहीं थे. ऑलराउंडर हार्दिक पांड्या फिटनेस समस्याओं के कारण और तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह को टी20 फॉर्मेट के लिए आराम दिए जाने के कारण टीम का हिस्सा नहीं थे. भारत आयरलैंड से 0-2 और इंग्लैंड से 0-4 से दोनों सीरीज हार गया था.

गंभीर को इतनी जल्दी आंकना गलत

प्रसाद ने एक इंटरव्यू में कहा कि सिर्फ इसलिए कि टीम ने अच्छा प्रदर्शन नहीं किया, हम सारा दोष अकेले मुख्य कोच पर नहीं डाल सकते. हम यह नहीं कह सकते कि गंभीर टीम को प्रेरित नहीं कर पाए. साथ ही, सिर्फ इसलिए कि हमने पहले टूर्नामेंट या विश्व कप जीते हैं, इसका मतलब यह नहीं है कि केवल गंभीर ने ही टीम को प्रेरित किया था. यह कई चीजों का संयोजन है और गंभीर को इतनी जल्दी खारिज करना जल्दबाजी होगी.

ये भी पढ़ें:  विराट-गंभीर में बातचीत नहीं.. गिल-रोहित से लंबी बात, प्रैक्टिस सेशन बड़ा अपडेट

टीम इंडिया का सही आकलन कब होगा?

एमएसके प्रसाद के अनुसार, असली आकलन तब होना चाहिए जब बुमराह और पांड्या जैसे प्रमुख खिलाड़ियों के साथ पूरी टीम मौजूद हो. उन्होंने कहा कि हमें यह देखना होगा कि अगली टी20 सीरीज में यह टीम कैसा प्रदर्शन करती है. तब हम इस बारे में बात कर सकते हैं कि कौन किसे प्रेरित कर रहा है, या कप्तान और कोच इसे संभालने में सक्षम हैं या नहीं. इसलिए, अगली टी20 सीरीज ही वह समय है जब हमें वास्तव में आकलन करना चाहिए.